-->

अभिषेक शर्मा बने गौतम बुद्ध नगर भाजपा के नए जिला अध्यक्ष, संघ और संगठन से रहा गहरा जुड़ाव

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।

दादरी। जनपद गौतमबुद्ध नगर में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से अभिषेक शर्मा को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। अभिषेक शर्मा का राजनीतिक और सामाजिक जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) से गहराई से जुड़ा रहा है। उनका जन्म 27 अगस्त 1984 को हुआ। पेशे से एलएलबी डिग्रीधारी अभिषेक शर्मा एक लॉ कंसल्टिंग फर्म का संचालन करते हैं।

अभिषेक शर्मा का परिवार संघ विचारधारा से वर्षों से जुड़ा रहा है। उनके दादा स्वर्गीय डॉक्टर ओम प्रकाश शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक थे, जबकि उनके पिता डॉक्टर राजेश्वर दत्त शर्मा दादरी नगर के संघ चालक रहे। इसी पारिवारिक परंपरा से प्रेरणा लेते हुए अभिषेक शर्मा ने बाल्यकाल में ही स्वयंसेवक के रूप में संघ से जुड़ाव बना लिया। वर्ष 1988 में उन्होंने प्राथमिक शिक्षा वर्ग का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।

विद्यार्थी जीवन में अभिषेक शर्मा ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ सक्रिय रूप से काम किया। 2002 से 2006 तक वे ABVP में जिला प्रमुख, विभाग प्रमुख और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रहे। इसके बाद 2006 में भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री और 2008 में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बने। 2011 में वे भाजपा गौतम बुद्ध नगर के जिला मंत्री के रूप में संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करने में जुटे रहे।

अभिषेक शर्मा ने 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों के साथ 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक भूमिका निभाई। उनकी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें जिला अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ