मनोज कुमार तोमर ब्यूरो चीफ दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा।"राजमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी पर संगोष्ठी का आयोजन"राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी संपन्न
दिनांक 19 जनवरी 2025 को महानंदन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के सभागार में "राजमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी के त्रिशताब्दी वर्ष" पर एक प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क विभाग द्वारा किया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता अस्पताल के चेयरमैन और प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. आर.सी. मिश्रा ने की। मुख्य वक्ता श्री वेदपाल, प्रांत सह संपर्क प्रमुख, मेरठ प्रांत, रहे। संगोष्ठी का शुभारंभ मां भारती और मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण से किया गया।
प्रो. वंदना पांडे ने विषय परिचय कराते हुए कहा कि "पुण्यश्लोका राजमाता अहिल्याबाई का जीवन संघर्ष, परमार्थ, त्याग और आदर्श प्रशासनिक गुणों का प्रतीक है।" उन्होंने बताया कि वैधव्य के बाद भी राजमाता ने कर्मठता और न्यायशीलता से शासन किया और महिलाओं के लिए शिक्षा, विधवा विवाह, संपत्ति अधिकार और आत्मनिर्भरता के नए अध्याय खोले।
मुख्य वक्ता श्री वेदपाल ने राजमाता की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "अहिल्याबाई जी लोकमाता थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में समाज सेवा, गौ सेवा, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा दिया।" उन्होंने पेयजल, वृक्षारोपण, कृषि, व्यापार और साड़ी उद्योग को विकसित कर राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत की।
डॉ. आर.सी. मिश्रा ने कहा, "अहिल्याबाई जी का जीवन संस्थाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।"
संगोष्ठी में आरएसएस के कार्यकर्ताओं और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के सज्जनों ने भाग लिया। राजमाता की स्मृति में आयोजित इस संगोष्ठी ने उनके प्रेरणादायी जीवन और योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
0 टिप्पणियाँ