गौतमबुद्ध नगर जिले को पूरे प्रदेश में सबसे अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है और वे इस लक्ष्य को कीर्तिमान के रूप में करेंगे स्थापित। डाक्टर महेश शर्मा

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
नोएडा एवं गौतमबुद्ध नगर भाजपा की संयुक्त प्रेस वार्ता में सदस्यता अभियान की घोषणा, 10 करोड़ सदस्यों का लक्ष्य!
नोएडा: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने महत्वाकांक्षी सदस्यता अभियान को लेकर नोएडा और गौतमबुद्ध नगर में एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस वार्ता में प्रमुख रूप से माननीय लोकनिर्माण राज्यमंत्री और प्रभारी मंत्री गौतमबुद्ध नगर श्री बृजेश सिंह, गौतमबुद्ध नगर से सांसद डॉ. महेश शर्मा, ज़िला प्रभारी श्रीमती कांता कर्दम, भाजपा नोएडा के जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता और गौतमबुद्ध नगर के ज़िला अध्यक्ष गजेंद्र मावी सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सदस्यता अभियान का दो चरणों में आयोजन। प्रेस वार्ता के दौरान माननीय मंत्री बृजेश सिंह ने भाजपा के इस सदस्यता अभियान के दो चरणों की रूपरेखा प्रस्तुत की। 
1. प्रथम चरण: साधारण सदस्यता अभियान 1 सितंबर से 25 सितंबर 2024 तक चलेगा।
2. द्वितीय चरण: 1-15 अक्टूबर के दौरान सक्रिय सदस्यता अभियान का आयोजन किया जाएगा। सक्रिय सदस्यता की घोषणा 1 अक्टूबर को की जाएगी और 16-31 अक्टूबर के बीच इसे विस्तृत रूप से चलाया जाएगा।  
सदस्यता प्रक्रिया के तहत सभी नए और पुराने सदस्यों का विवरण प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, जिसकी अंतिम तैयारी 1 से 10 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
सदस्यता के माध्यम एवं प्रक्रिया। सदस्यता प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाया गया है। कोई भी व्यक्ति भाजपा की सदस्यता डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे नमो ऐप, भाजपा की वेबसाइट (www.bjp.org), और एक क्यूआर कोड कियोस्क के माध्यम से ले सकता है। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर (88000-02024) पर मिस्ड कॉल देकर सदस्यता फार्म प्राप्त किया जा सकता है। जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है, वे पेपर फार्म भरकर भी सदस्य बन सकते हैं। बृजेश सिंह ने सक्रिय सदस्यता के लिए योग्यता और प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने बताया कि जो लोग पिछले तीन वर्षों से पार्टी के सदस्य हैं और पार्टी के कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेते हैं, वे सक्रिय सदस्यता के लिए पात्र होंगे। इसके लिए उन्हें नमो ऐप पर रु. 100 जमा कर सक्रिय सदस्यता फार्म भरना होगा।
सदस्यता अभियान का लक्ष्य। भाजपा ने इस अभियान के तहत पूरे देश में 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सभी भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को विशेष लक्ष्य दिए गए हैं। मसलन, सांसदों को 20,000 सदस्य, विधायकों को 10,000 सदस्य, ज़िला अध्यक्षों को 1,000 सदस्य और महापौरों को 10,000 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इसी के साथ, पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी न्यूनतम 100 सदस्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर जिले को पूरे प्रदेश में सबसे अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है और वे इसे एक कीर्तिमान के रूप में स्थापित करेंगे। 
महाजनसम्पर्क अभियान: 11-17 सितंबर 2024 , सदस्यता अभियान के साथ भाजपा का महाजनसम्पर्क अभियान 11 से 17 सितंबर 2024 तक चलेगा। इसके तहत पार्टी के प्रमुख नेता, सांसद, विधायक और अन्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ेंगे। इस दौरान प्रत्येक रविवार को "अटल सदस्यता पर्व" मनाया जाएगा, जहां स्थानीय सांसद और विधायक 20 लोगों को सदस्य बनाएंगे। 
यह वर्ष विशेष है क्योंकि यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 100वां जन्मवर्ष है। इस मौके को पार्टी ने विशेष महत्व देते हुए सदस्यता अभियान से जोड़ने की योजना बनाई है। 29 सितंबर और 27 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की "मन की बात" कार्यक्रम को भी सदस्यता पर्व के साथ जोड़ा जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों को सदस्यता दिलाई जाएगी।
समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास। दूसरे चरण के अभियान (1-15 अक्टूबर) के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों जैसे महिलाएं, युवा, किसान, व्यापारी, पूर्व सैनिक, सहकारिता समूह, स्वयंसेवी संस्थाएं और प्रबुद्ध वर्ग को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय संस्कृति और महत्वपूर्ण आयोजनों को ध्यान में रखते हुए विशिष्ट सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सक्रिय सदस्यता अभियान: 16-31 अक्टूबर 2024, सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत पार्टी के प्रत्येक मंडल में सक्रिय सदस्य सहयोगी नियुक्त किए जाएंगे। बूथ स्तर पर प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम एक सक्रिय सदस्य बनाने का निर्देश दिया गया है। नमो ऐप के माध्यम से सक्रिय सदस्यता फार्म और रु. 100 की राशि जमा करके सदस्यता प्राप्त की जा सकती है। 
सदस्यता अभियान के अंतिम चरण में जिला स्तर पर समीक्षा समिति द्वारा सत्यापन किया जाएगा और फार्म को प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा। 
प्रेस वार्ता के अंत में भाजपा के ज़िला अध्यक्ष मनोज गुप्ता और ज़िला मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर ने कहा कि यह सदस्यता अभियान पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ