स्वामी चक्रपाणि महाराज ने वंदे मातरम के साथ फहराया तिरंगा, राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा हिंदू महासभा भवन

रामानन्द तिवारी संवाददाता दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स नई दिल्ली।
नई दिल्ली, 15 अगस्त 2024: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने हिंदू महासभा भवन, नई दिल्ली में ध्वजारोहण कर देशप्रेम का संदेश दिया। इस अवसर पर वंदे मातरम राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसमें उपस्थित सैकड़ों लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
स्वामी चक्रपाणि महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि जो लोग वंदे मातरम और भारत माता की जय नहीं बोलते, वे 'जिन्ना मानसिकता' के हैं, जिसका हम देशभक्त लोग कड़ा विरोध करते हैं। उन्होंने 1942 में अपने बाबा जी, पूज्य चंद्रिका प्रसाद जी, जो महान स्वतंत्रता सेनानी थे, का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जीवन की सारी संपत्ति भारत माता के चरणों में न्योछावर कर दी। उन्होंने इस अवसर पर देश के महान क्रांतिकारियों जैसे सरदार भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त को भी याद किया, जिनके बलिदानों से हमें आजादी मिली है।
कार्यक्रम के आयोजक विकास जैन ने स्वामी चक्रपाणि जी को उनका चित्र भेंट कर उनका स्वागत किया, वहीं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजय पांडे ने पुष्पमाला पहनाकर स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस और राजस्थान पुलिस के जवानों ने भी भाग लिया और तिरंगे को सलामी दी। स्वामी चक्रपाणि महाराज ने दिल्ली और राजस्थान पुलिस के जवानों को माला पहनाकर उनका सम्मान किया, जिनमें प्रमुख थे दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, देवेंद्र सिंह, मनोज कुमार और राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल नानूराम, सुनीता, भाग्यचंद आदि।
दिल्ली प्रदेश की महिला उपाध्यक्ष हिंदू बाला ने राष्ट्रभक्ति गीत गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि बाल कलाकार वसु श्रीवास्तव और अवनी पांडे ने 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारों से उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया और देश की एकजुटता और मजबूती के लिए संकल्प लिया। इस अवसर पर, स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा, ताकि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को व्यर्थ न जाने दिया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ