दूधेश्वर नाथ मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

राजेंद्र चौधरी, संवाददाता, दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स, गाजियाबाद।
गाजियाबाद: सावन के दूसरे सोमवार को गाजियाबाद के ऐतिहासिक सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में देश भर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़े। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भगवान दूधेश्वर, हर हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला रात 12 बजे से शुरू हो गया था, जबकि भक्तों की लाइन रात 10 बजे से ही लगनी शुरू हो गई थी। मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरी महाराज ने सबसे पहले भगवान दूधेश्वर की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। इसके बाद मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। सुबह 3 बजे भगवान का श्रृंगार और आरती हुई, जिसे आचार्य तयोराज उपाध्याय ने रूद्राभिषेक के साथ संपन्न कराया।
मंदिर में हजारों कावड़िए भी पूजा-अर्चना कर गंगाजल लेने के लिए रवाना हो रहे हैं। भक्त भगवान की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर महाराजश्री का आशीर्वाद भी ले रहे हैं। श्रीमहंत नारायण गिरी महाराज ने कहा कि शास्त्रों में सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय माह बताया गया है और इसमें उनकी पूजा, अभिषेक, शिव स्तुति और मंत्र जाप का विशेष महत्व है।
महंत गिरी ने बताया कि दूसरे सोमवार को महाकालेश्वर शिव की विशेष पूजा का विधान है। श्रद्धालुओं को 'ऊं महाशिवाय वरदाय हीं ऐं काम्य सिद्धि रुद्राय नम' मंत्र का रुद्राक्ष की माला से जाप करना चाहिए। महाकालेश्वर की पूजा से गृहस्थ जीवन की समस्याएं, पारिवारिक कलह, पितृ दोष और तांत्रिक दोष से मुक्ति मिलती है।
मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें पुलिस कमिश्नर अजय मिश्रा के नेतृत्व में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। महापौर सुनीता दयाल, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। मंदिर के स्वयंसेवक और सेवादार महाराजश्री के नेतृत्व में कावड़ियों और शिवभक्तों की सेवा में लगे हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ